नई दिल्ली, 24 नवंबर, 2025 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर एक संवेदनशील पोस्ट साझा करते हुए इसे भारतीय सिनेमा के एक सुनहरे युग का अंत बताया।
“हर किरदार में भर दी अनोखी गहराई”
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि धर्मेंद्र एक “Iconic Film Personality” थे। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र ने अपने निभाए हर किरदार में अलग ही आकर्षण और गहराई भरी, जिसने अनगिनत दर्शकों के दिलों को स्पर्श किया। उनकी अभिनय प्रतिभा बेमिसाल थी और वे हर भूमिका में पूरी समर्पण और ईमानदारी से उतरते थे।
सादगी और निम्मरता के लिए भी हुए याद
पीएम मोदी ने धर्मेंद्र की सादगी, निम्मरता और बड़े दिल की भी प्रशंसा की। उन्होंने लिखा कि एक कलाकार के रूप में ही नहीं, बल्कि एक इंसान के रूप में भी धर्मेंद्र को उतना ही सम्मान और प्यार मिला।
प्रधानमंत्री ने कहा, “दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और लाखों प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।”
89 वर्ष की आयु में हुआ निधन
गौरतलब है कि 89 वर्षीय धर्मेंद्र का सोमवार दोपहर मुंबई स्थित उनके निवास पर निधन हो गया। वे लंबे समय से उम्र-संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। पीएम मोदी के अलावा देश की कई शीर्ष हस्तियों, राजनीतिक नेताओं और फिल्म जगत के सितारों ने भी उनके निधन पर शोक जताया है।






