पटियाला, 24 नवंबर:
सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल घनौर में प्रिंसिपल जगदीश सिंह की अगुवाई में खेल विभाग द्वारा अंतर-हाउस खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। एसएमसी के प्रधान टेक चंद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रिंसिपल द्वारा किया गया।
खो-खो की नेशनल खिलाड़ी सरोज बाला ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ भाग लेने की शपथ दिलाई। स्कूल के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मदर टेरेसा हाउस के विद्यार्थियों ने बॉल एंड बास्केट, पालकी दौड़, मकड़ी दौड़ और चेन दौड़ में पहला स्थान, कोन दौड़ में दूसरा और तीसरा स्थान, तथा रस्साकशी, बोरी दौड़, लंगड़ी दौड़ और बॉल दौड़ में तीसरा स्थान हासिल किया।
मेजर ध्यानचंद हाउस के विद्यार्थियों ने कोन दौड़, प्लेट दौड़ और लेमन दौड़ में पहला स्थान, जबकि पालकी दौड़, बॉल एंड बास्केट, लंगड़ी दौड़, कोन दौड़ और बॉल दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
शहीद करतार सिंह सराभा हाउस ने कोन दौड़ और बॉल दौड़ में पहला स्थान, तथा पालकी दौड़, प्लेट दौड़ और चेन दौड़ में तीसरा स्थान हासिल किया। रस्साकशी के रोमांचक मुकाबले में इस हाउस ने रजत पदक अपने नाम किया।
भाई वीर सिंह हाउस के विद्यार्थियों ने बोरी दौड़ और लंगड़ी दौड़ में पहला स्थान, प्लेट दौड़, लेमन दौड़ और चेन दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस हाउस ने रस्साकशी में चैंपियन बनकर ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की। प्रिंसिपल ने विजेता टीम को विशेष नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में एनएसएस विंग के अधिकारी दौलत राम के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने परेड प्रस्तुत की। लेक्चरार गुरशरण कौर ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। खेल विभाग की प्रमुख रूपिंदर कौर ने वार्षिक खेल रिपोर्ट पढ़ते हुए बताया कि स्कूल के लगभग 400 खिलाड़ियों ने ज़ोन, जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में विभिन्न खेलों में पदक जीतकर स्कूल का नाम रोशन किया है।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान सत्र में दर्जनभर खिलाड़ियों ने खो-खो के राष्ट्रीय मुकाबलों में भाग लिया। प्रिंसिपल द्वारा विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए गए। कर्मजीत कौर ने मंच संचालन बखूबी निभाया, जबकि नवजोत कौर ने सभी अतिथियों का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर टीचिंग व नॉन-टीचिंग स्टाफ के साथ-साथ सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।






