श्री आनंदपुर साहिब, 23 नवंबर : नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत को समर्पित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आज गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा दल छावनी में गुरमर्यादा अनुसार श्री अखंड साहिब का आरंभ किया गया। इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अकाल पुरख का आशीर्वाद लिया और संगत के साथ *सरबत्त दा भला* की अरदास में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री मान और केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने गुरु साहिब की शहादत को समर्पित कार्यक्रमों की निर्विघ्न पूर्णता हेतु श्री गुरु ग्रंथ साहिब के चरणों में अरदास करके आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब का संदेश शांति, प्रेम और मानवता के लिए एक प्रकाश-स्तंभ है तथा गुरु साहिबान के बताए मार्ग पर चलना हम सभी का कर्तव्य है।
दोनों नेताओं ने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब की पवित्र बाणी मानवता को सामाजिक समानता, भाईचारा और निष्पक्षता की प्रेरणा देती है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार गुरु ग्रंथ साहिब की शिक्षाओं को अपनाकर राज्य के लोगों की भलाई के लिए लगातार काम कर रही है। इसी प्रेरणा से गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत पर बड़े पैमाने पर ये आयोजन करवाए जा रहे हैं।
केजरीवाल और मान ने लोगों से ‘हिंद दी चादर’ गुरु तेग बहादुर जी के धर्मनिरपेक्षता, मानवतावाद और आत्मबलिदान के उच्च आदर्शों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने धार्मिक स्वतंत्रता और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया, और उनकी यह शहादत मानव इतिहास में अद्वितीय है।
दोनों नेताओं ने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब में संकलित गुरु तेग बहादुर जी की बाणी त्याग, दया, एकता और वैश्विक भाईचारे का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाओं को सच्ची भावना से अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। साथ ही समाज की सेवा, विशेषकर गरीबों और वंचितों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।
अंत में, केजरीवाल और मान ने लोगों से अनुरोध किया कि वे 23 से 25 नवंबर तक श्री आनंदपुर साहिब में पंजाब सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और इस पवित्र अवसर को देश की एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के संकल्प के साथ मनाएं।






