चंडीगढ़, 22 नवंबर 2025। पंजाबी संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर पंजाबी गायक हरमन सिद्धू का बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया। हादसा उस समय हुआ जब वे मानसा में अपना कार्यक्रम समाप्त करके अपने गांव खियाला लौट रहे थे। लौटते समय उनकी कार अचानक एक ट्रक से टकरा गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
40 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
40 वर्षीय हरमन सिद्धू के असामयिक निधन से उनके प्रशंसकों और पूरी पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में गहरा शोक फैल गया है। अपने सुरीले गीतों और सरल स्वभाव के कारण वे संगीत प्रेमियों के बीच बेहद लोकप्रिय थे।
‘कागज जा प्यार’ से मिली थी पहचान
हरमन सिद्धू को विशेष पहचान उनके सुपरहिट गीत “कागज जा प्यार” से मिली थी, जिसे उन्होंने मशहूर गायिका मिस पूजा के साथ गाया था। यह गाना लंबे समय तक पंजाबी संगीत चार्ट पर छाया रहा और आज भी श्रोताओं की पसंद में शामिल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि परिवार और फैंस इस दुखद घटना से सदमे में हैं। पंजाबी संगीत जगत ने एक प्रतिभाशाली आवाज हमेशा के लिए खो दी है।






