शिमला, 22 नवंबर 2025 : औद्योगिक क्षेत्र बद्दी स्थित एक प्रतिष्ठित फार्मा कंपनी में गुरुवार मध्यरात्रि धमाके के बाद लगी भीषण आग ने पूरे परिसर में हड़कंप मचा दिया। रात करीब एक बजे तीसरी मंजिल के टेबलेट सेक्शन में अचानक तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई। आग की चपेट में पूरा फ्लोर आ गया, जिससे वहां मौजूद मशीनरी, कच्चा माल और तैयार दवाइयां कुछ ही मिनटों में राख में तब्दील हो गईं।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, रसायनों ने बढ़ाई लपटें
प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दवा निर्माण में उपयोग होने वाले ज्वलनशील रसायनों ने आग को और भड़काया, जिसके चलते तीसरी मंजिल का बड़ा हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया। कंपनी प्रबंधन के अनुसार इलेक्ट्रिक पैनल, उत्पादन लाइनें, महंगी मशीनें और दवाइयों का बड़ा स्टॉक पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। नुकसान का आंकड़ा करोड़ों में बताया जा रहा है।
कर्मचारियों ने ऐसे बचाई जान
हादसे के समय नाइट शिफ्ट में 16 कर्मचारी उपस्थित थे। तीसरी मंजिल पर मौजूद तीन कर्मचारियों ने घने धुएं और आग की लपटों के बीच साहस दिखाते हुए ग्रिल का सहारा लिया और नीचे उतरकर अपनी जान बचाई।
13 घंटे की कड़ी मशक्कत में काबू पाई आग
आग की सूचना मिलते ही बद्दी फायर स्टेशन से चार फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। आग की गंभीरता को देखते हुए नालागढ़ से एक अतिरिक्त टेंडर भी बुलाया गया। दमकल विभाग ने करीब 13 घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और शेष भवन को सुरक्षित बचा लिया।
दमकल अधिकारियों का कहना है कि यदि आग थोड़ी और देर जारी रहती तो पूरा भवन ध्वस्त हो सकता था। प्रशासन ने हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं।






