हरियाणा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी ने मानवता, धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए जो महान बलिदान दिया, उसे हर व्यक्ति तक पहुँचाना आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ इस अमर इतिहास से प्रेरणा ले सकें। इसी उद्देश्य के तहत हरियाणा सरकार और हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा ज्योतिसर में गुरु साहिब के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरु साहिब की तपस्या, शहादत और अद्भुत विरासत को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रदेशभर में चार पवित्र नगर कीर्तन यात्राएँ निकाली जा रही हैं। ये यात्राएँ हरियाणा के सभी जिलों से होती हुई 24 नवंबर को कुरुक्षेत्र में संपन्न होंगी। 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्य शहीदी दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी इसके बाद महाभारत अनुभव केंद्र का दौरा करेंगे, जिसे जल्द ही भारत और विदेश से आने वाले सैलानियों के लिए खोला जाएगा। इसी परिसर में वे “पंचजन्य” का भी उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में भाग लेंगे और महा आरती में शामिल होंगे।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, सूचना और जनसंपर्क विभाग के महानिदेशक के.एम. पांडुरंग, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, पर्यटन विभाग की प्रधान सचिव कला रामचंद्रन, पर्यटन निदेशक डॉ. शालीन तथा ओएसडी डॉ. प्रभलीन सिंह के साथ आयोजन स्थल और अनुभव केंद्र का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार गुरु साहिबानों तथा अन्य महान हस्तियों की शिक्षाओं और बलिदानों को प्रचारित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में राज्य सरकार ने श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को भी अत्यंत श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया था, और अब गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस से भी प्रेरणा लेकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का दृढ़ संकल्प है कि गुरु साहिबों के अतुलनीय बलिदान और मानवता के प्रति उनकी सेवा के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाया जाए, ताकि भविष्य की पीढ़ियाँ भी इन पावन प्रेरणाओं से सीख ले सकें।






