नाभा (पंजाब), जतिंदर गर्ग : रोहटी पुल के पास स्थित तनीष्क फ़र्नीचर फ़ैक्ट्री में अचानक लगी भीषण आग ने देखते ही देखते भारी नुकसान कर दिया। जानकारी के अनुसार, रात के समय फ़ैक्ट्री के शोअरूम में आग लगी, जिसने तेजी से फ़र्नीचर के बड़े स्टॉक को अपनी चपेट में ले लिया।
फायर ब्रिगेड की 3–4 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन लगभग 40 लाख रुपये से अधिक का कीमती फ़र्नीचर और सामान जलकर ख़ाक हो गया।
कर्मचारी ने की त्वरित कोशिश
फ़ैक्ट्री में रहने वाले कर्मचारी शानवाब ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलते ही उसने उसे बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरा गोदाम आग की चपेट में आ गया।
“सारी मेहनत खत्म हो गई” – मालिक का दर्द
फ़ैक्ट्री के मालिक अश्विनी कुमार ने कहा कि इसी फ़ैक्ट्री से परिवार की रोज़ी-रोटी चलती थी और अब सब कुछ बर्बाद हो गया है। उन्होंने शक जताया कि आग शायद बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी।
सरकारी मदद की मांग
मौके पर पहुंचे काउंसलर गुरसेवक सिंह गोलू ने हादसे पर दुख जताते हुए पंजाब सरकार से मांग की कि फ़ैक्ट्री मालिक को आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि वह दोबारा अपने पैरों पर खड़ा हो सके।
पुलिस और फायर विभाग ने बताया कि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।






