बेंगलुरु, 20 नवंबर 2025: बेंगलुरु में एक हैरान कर देने वाली वारदात ने पुलिस और शहरवासियों को सन्न कर दिया। यहाँ 5–6 शातिर बदमाशों ने खुद को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) का अधिकारी बताकर एक बख्तरबंद कैश वैन से 7.1 करोड़ रुपये लूट लिए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यह पूरी वारदात बिना किसी हिंसा के मात्र 30 मिनट में अंजाम दे दी गई।
दो गाड़ियों से रोका रास्ता
दोपहर करीब 12:30 बजे CMS Info Systems की कैश वैन, एचडीएफसी बैंक की जेपी नगर शाखा से तीन कैश बॉक्स लेकर एचबीआर लेआउट जा रही थी। जयनगर के अशोक पिलर के पास एक मारुति जेन कार ने वैन को रोक लिया और तुरंत पीछे से एक इनोवा भी आकर रुकी।
जेन से उतरे तीन लोगों ने खुद को RBI का अधिकारी बताते हुए वैन स्टाफ को डांट-फटकार लगाई और “पूछताछ” के नाम पर अपने साथ ले जाने को कहा।
स्टाफ को थाने भेजा, ड्राइवर को फ्लाईओवर पर बुलाया
वैन में ड्राइवर बिनोद कुमार, कस्टोडियन आफताब और दो गनमैन मौजूद थे। बदमाशों ने उन्हें इतनी सफाई से भरोसे में लिया कि सभी कर्मचारी राइफलें वैन में ही छोड़कर बदमाशों के साथ एमयूवी में बैठ गए।“पूछताछ” के बहाने वे कर्मचारियों को सिद्धापुर पुलिस स्टेशन की ओर पैदल भेज दिया, जबकि ड्राइवर को वैन लेकर डेयरी सर्किल फ्लाईओवर पर इंतजार करने का आदेश दिया।
3 मिनट में असली खेल, कैश हुआ गायब
फ्लाईओवर पर पहुंचने के बाद ड्राइवर को कुछ देर इंतजार करना पड़ा। तभी बदमाश अपनी गाड़ी बदलकर पहुंचे और इस बार उन्होंने बंदूक दिखाकर वैन में रखे सारे कैश बॉक्स निकलवाए।
उन्होंने तुरंत 7.1 करोड़ रुपये पास खड़ी मारुति वैगन-आर में लादे और मौके से फरार हो गए। अपनी पुरानी गाड़ी वहीं छोड़ दी ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके।
कुछ मिनट बाद ड्राइवर को एहसास हुआ कि जो लोग RBI अधिकारी बनकर आए थे, वे दरअसल पेशेवर लुटेरे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शहर भर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।






