चंडीगढ़/मोगा: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने जानकारी दी है कि दिवाली की रात मोगा सिविल अस्पताल से नशा छुड़ाने वाली दवाइयों की चोरी के मामले में पंजाब पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस टीम की तुरंत कार्रवाई के लिए सराहना की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डॉ. बलबीर सिंह ने इस चोरी को गंभीर अपराध बताते हुए भरोसा दिलाया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आरोपी से 10,150 गोलियां बरामद कर ली गई हैं, जबकि लगभग 850 गोलियां वह बेच चुका था।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत नशा तस्करी और नशे से जुड़े अपराधों पर ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति लागू की गई है। “युद्ध नशों विरुद्ध” अभियान के अब तक प्रभावी परिणाम मिले हैं और करीब 20,000 लोग नशा छोड़ चुके हैं।
डॉ. सिंह ने बताया कि कोट इशे खां में नशा छुड़ाने केंद्र को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है, जहां अब तक करीब 1000 व्यक्तियों ने नशा त्याग दिया है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री के साथ धर्मकोट के विधायक दविंदरजीत सिंह लाडी ढोस, डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया, एसएसपी अजय गांधी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की जारी पहल को भी रेखांकित किया, जिसमें 1400 डॉक्टरों की भर्ती, 1000 नर्सों की नियुक्ति की प्रक्रिया और अस्पतालों में 350 तरह की दवाइयों की मुफ्त उपलब्धता शामिल है।






