चंडीगढ़, 15 नवंबर, 2025 : पंजाब में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के न्यूनतम तापमान में आज 0.2 डिग्री की और गिरावट दर्ज की गई, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। फरीदकोट 7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा शहर रहा।
दिन का तापमान भी गिरा
राज्य के अधिकतर शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे आ गया है। बठिंडा 29.9 डिग्री के साथ सबसे गर्म शहर के रूप में दर्ज हुआ। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री, लुधियाना 9.5 डिग्री, पठानकोट 9.3 डिग्री, बठिंडा 8 डिग्री और गुरदासपुर में 10 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
बारिश के आसार नहीं, प्रदूषण बरकरार
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय न होने के कारण अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना नहीं है और मौसम शुष्क रहेगा।
इसके बावजूद प्रदूषण के स्तर में कोई खास सुधार नहीं हुआ। खन्ना (247) और मंडी गोबिंदगढ़ (261) में AQI 200 से ऊपर ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। अमृतसर (158), जालंधर (135), लुधियाना (177) और पटियाला (150) में वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में बनी हुई है।
स्वास्थ्य विभाग की चेतावनी
अगले दो हफ्तों तक बारिश के संकेत नहीं होने के कारण प्रदूषण की समस्या जारी रहने की संभावना है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को बाहर निकलते समय मास्क पहनने की सलाह दी है और पराली न जलाने की अपील की है।






