पटियाला, 14 नवंबर: आज पटियाला जिले के सभी सरकारी स्कूलों में श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत को समर्पित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के जन्म (आगमन) पर लेक्चर दिए गए। यह जानकारी देते हुए जिला शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा स्कूलों के विद्यार्थियों को श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, शिक्षाओं और बलिदान से अवगत करवाने के लिए चलाई जा रही कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत लगातार 27 नवंबर तक लेक्चर दिए जाएंगे।
प्रोग्राम के जिला नोडल अधिकारी, हेड टीचर सन्नी गुप्ता ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा विद्यार्थियों के लिए 15- दिन की शैक्षिक पाठ्यक्रम योजना के तहत आज पांचवें दिन पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा भेजी गई लेक्चर श्रृंखला में ‘आगमन बाल (गुरु) गोबिंद राय जी’ के तहत पटना शहर में श्री गुरु तेग बहादुर जी के घर में गुरु गोबिंद सिंह जी के जन्म के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि पटियाला जिले के सभी मिडिल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में सुबह की सभा के दौरान पहले से रिकॉर्ड किए गए लेक्चर विद्यार्थियों को सुनाकर श्री गुरु तेग बहादुर जी समेत माता गुजरी, भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दियाला जी के जीवन और शहादत से अवगत करवाया जा रहा है। इस दौरान विद्यार्थियों ने इन घटनाओं को बहुत ध्यान से सुना और अपने अध्यापकों से गुरु साहिब के जीवन के बारे में और अधिक जानकारी प्राप्त की।”






