पटियाला, 13 नवम्बर:
श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के मौके पर पंजाब सरकार द्वारा हमारे स्कूलों के विद्यार्थियों को श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, शिक्षाओं औरबलिदान से अवगत करवाने के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आज स्कूली विद्यार्थियों को श्री गुरु तेग बहादुर जी की यात्राओं के बारे में जानकारी दी गई।
पटियाला जिले के सभी मिडिल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में सुबह की सभा के दौरान पहले से रिकॉर्ड किए गए लेक्चर सुनाकर विद्यार्थियों को श्री गुरु तेग बहादुर जी द्वारा देश भर में धर्म प्रचार के लिए की गई यात्राओं की कहानियां सुनाई गईं। विद्यार्थियों ने इन कहानियों को बहुत ध्यान से सुना और अपने अध्यापकों से गुरु साहिब के जीवन के बारे में और भी जानकारी प्राप्त की।
जिला शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि इस लेक्चर श्रृंखला के दौरान विद्यार्थियों को श्री गुरु तेग बहादुर जी समेत माता गुजरी, भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाला जी के जीवन और शहादत से भी अवगत करवाया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी, हेड टीचर सनी गुप्ता ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा विद्यार्थियों के लिए 15.दिन की शैक्षिक पाठ्यक्रम की बनाई गई योजना के तहत आज चौथे दिन पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा भेजी गई लेक्चर श्रृंखला में गुरु तेग बहादुर साहिब जी द्वारा भारत के कई राज्यों में किए गए धार्मिक दौरों के बारे में जानकारी प्रदान की गई थी।






