HomeNationalहिमाचल सरकार के तीन साल पूरे होने पर 11 दिसंबर को मंडी...

हिमाचल सरकार के तीन साल पूरे होने पर 11 दिसंबर को मंडी में राज्यस्तरीय समारोह, मुख्यमंत्री सुक्खू ने की तैयारियों की समीक्षा

 

शिमला, 12 नवंबर 2025 : हिमाचल प्रदेश सरकार अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 11 दिसंबर को मंडी ज़िले में एक भव्य राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस कार्यक्रम के स्थल के चयन के लिए सरकार ने एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है, जिसमें राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, और धर्मपुर विधायक चंद्रशेखर शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं और कार्यक्रम को राज्य के विकास की झलक पेश करने वाला बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अवसर पर पिछले तीन वर्षों में सरकार द्वारा ‘व्यवस्था परिवर्तन’ पहल के तहत किए गए सुधारों और उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की उपलब्धियों और विभागीय सुधारों पर आधारित एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी समारोह के दौरान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में राज्य सरकार ने महत्त्वपूर्ण सुधार किए हैं, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था अब लगातार सुदृढ़ हो रही है, और राजस्व सृजन में वृद्धि दर्ज की जा रही है।

कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं के लाभार्थी और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाई जाए और सरकार की प्राथमिकताओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।

उन्होंने कहा कि आने वाले दो वर्षों के लिए एक रोडमैप तैयार किया जा रहा है, ताकि लोगों तक अधिक सेवाएं उनके घर-द्वार तक पहुंचाई जा सकें, डिजिटलीकरण को बढ़ावा मिले और सुशासन को मजबूत किया जा सके।

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, प्रशासनिक सचिव, विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राज्य के सभी उपायुक्त वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments