मुंबई, 12 नवंबर 2025: बॉलीवुड से मंगलवार देर रात एक चौंकाने वाली खबर आई है। मशहूर अभिनेता गोविंदा की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें रात करीब 1 बजे मुंबई के क्रिटिकेअर अस्पताल (Criticare Hospital) में भर्ती कराया गया।
सूत्रों के अनुसार, गोविंदा मंगलवार रात करीब 8:30 बजे अचानक बेहोश हो गए थे। डॉक्टर की सलाह पर उन्हें घर पर दवाइयां दी गईं, जिससे थोड़ी राहत मिली, लेकिन रात 12:30 बजे दोबारा तबीयत खराब होने पर परिवार ने उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने का फैसला लिया।
अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में रखे गए गोविंदा
अस्पताल में उनके कई मेडिकल टेस्ट किए गए हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, लेकिन सावधानी के तौर पर उन्हें निगरानी में रखा गया है। अस्पताल प्रशासन की ओर से जल्द ही गोविंदा का हेल्थ अपडेट जारी किया जाएगा।
धर्मेंद्र से मिलने पहुंचे थे कुछ दिन पहले
यह खबर ऐसे समय में आई है जब हाल ही में गोविंदा वरिष्ठ अभिनेता धर्मेंद्र से मिलने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल (Breach Candy Hospital) पहुंचे थे। उस दौरान उनका एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वह काफी भावुक नजर आ रहे थे।
गोविंदा के अचानक बीमार पड़ने की खबर से फैंस में चिंता का माहौल है। सोशल मीडिया पर लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।






