शिमला, 7 नवंबर 2025: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोग उपमंडल की बलग पंचायत में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पांचवीं कक्षा के छात्र ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय बच्चा घर पर अकेला था।
जानकारी के अनुसार, बच्चा स्कूल से लौटने के बाद रोज की तरह चाय लेकर खेत में दादा-दादी के पास जाने वाला था, लेकिन गुरुवार शाम वह नहीं गया। जब दादी करीब 5:30 बजे घर पहुंचीं, तो उन्होंने बच्चे को छत की लकड़ी से चुन्नी के सहारे लटका हुआ पाया।
ग्रामीणों ने तुरंत फंदा काटकर बच्चे को नीचे उतारा और प्राथमिक उपचार किया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। उसे ठियोग सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक बच्चा एक नेपाली परिवार से था, जो पिछले 12 साल से स्थानीय निवासी बीरबल पांडे के पास खेतीबाड़ी का काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि बच्चे का पिता मुंबई में मजदूरी करता है, जबकि मां उसे तीन साल की उम्र में छोड़कर चली गई थी।
बच्चे ने स्कूल ट्रैक सूट पहने-पहने ही यह कदम उठाया, जिससे गांव में गहरा सन्नाटा और शोक का माहौल है।
ठियोग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आईजीएमसी शिमला में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। जांच जारी है।






