शिमला, 05 नवंबर 2025 :
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा सुधार के क्षेत्र में किए गए निरंतर और ठोस प्रयासों के सकारात्मक नतीजे सामने आए हैं। राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में लगातार कमी दर्ज की गई है, जिससे अनगिनत अमूल्य जीवन बचाए गए हैं।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 में राज्य में कुल 2,253 सड़क दुर्घटनाएँ हुई थीं। वर्ष 2024 में यह संख्या घटकर 2,147 रह गई, जबकि वर्ष 2025 में अब तक केवल 1,457 सड़क दुर्घटनाओं के मामले दर्ज किए गए हैं। यह कमी सरकार की सक्रिय नीतियों, बेहतर निगरानी तंत्र और व्यापक जन-जागरूकता अभियानों का परिणाम है।
प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह उपलब्धि विशेष रूप से उल्लेखनीय है, क्योंकि हिमाचल प्रदेश ने वर्ष 2023 और 2025 में भूस्खलन, बाढ़ और बादल फटने जैसी गंभीर प्राकृतिक आपदाओं का सामना किया। इसके बावजूद, सरकार ने विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत बनाया, जिससे दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सभी संभव कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। सरकार का उद्देश्य केवल दुर्घटनाओं की संख्या घटाना नहीं, बल्कि हर नागरिक के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।






