करनाल, 4 नवंबर (राजेश कुमार): बिहार विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र हरियाणा के करनाल से बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर अपने गृह राज्य की ओर लौट रहे हैं। मंगलवार को करनाल की नई अनाज मंडी से तीन बसों के ज़रिए करीब 150 से 200 प्रवासी वोटर बिहार के लिए रवाना हुए।
जानकारी के अनुसार, यह यात्रा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा एक मुफ्त सेवा के रूप में शुरू की गई है ताकि प्रवासी वोटर अपने गृह जिलों में जाकर मतदान कर सकें। इससे पहले भी करनाल से बिहार के लिए दो विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं, जिनमें हज़ारों लोग सवार हुए थे।
बिहार में अभी दो चरणों का मतदान बाकी है, जिसके चलते अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में और भी बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर बिहार लौटेंगे।
इस बीच, स्थानीय प्रशासन ने दावा किया है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। हालांकि, यह पहल अब राजनीतिक विवाद का विषय भी बन गई है, क्योंकि विपक्षी दलों का कहना है कि भाजपा इस कदम के ज़रिए चुनावी लाभ लेने की कोशिश कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, आने वाले हफ़्ते में और भी बसों और ट्रेनों की व्यवस्था की जा रही है, ताकि प्रवासी वोटर समय पर अपने घर पहुंचकर चुनाव में हिस्सा ले सकें।






