रंगारेड्डी (तेलंगाना): सोमवार सुबह तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक भीषण सड़क हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना तब हुई जब गिट्टी से भरा एक तेज रफ्तार डंपर राज्य परिवहन निगम (आरटीसी) की बस से टकरा गया। हादसे के बाद बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, और डंपर पर लदी गिट्टी बस में सवार यात्रियों पर गिर गई, जिससे कई लोग गिट्टी के नीचे दब गए।
पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना रंगारेड्डी जिले के चेवेल्ला क्षेत्र के खानपुर गेट के पास हुई। बस तंदूर से हैदराबाद जा रही थी, जिसमें 70 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश कॉलेज छात्र थे। ये छात्र रविवार को घर पर छुट्टी बिताने के बाद सोमवार सुबह कॉलेज लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डंपर चालक ने तेज रफ्तार में वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे वह सीधे बस से टकरा गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और डंपर की गिट्टी यात्रियों पर गिर पड़ी। घटना के बाद स्थानीय पुलिस और राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और जेसीबी की मदद से गिट्टी में दबे हुए यात्रियों को निकाला गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, और गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को हैदराबाद रेफर किया गया।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने का आदेश दिया। इसके अलावा, सीएम ने अधिकारियों से इस हादसे की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है। पुलिस ने डंपर चालक की भूमिका, उसकी गति और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर से सड़क सुरक्षा, भारी वाहनों की निगरानी और परिवहन व्यवस्था में खामियों पर सवाल खड़ा करता है।






