शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज हिमाचल प्रदेश आवास एवं शहरी विकास प्राधिकरण (हिमुडा) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य में चल रही और प्रस्तावित विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने हिमुडा को राज्य की बढ़ती आवासीय मांग और लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए चंडीगढ़ के निकट एक नई टाउनशिप विकसित करने के संभावित विकल्पों की जांच करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने शिमला शहर के निकट प्रस्तावित जाठिया देवी टाउनशिप की भी समीक्षा की और परियोजना को शीघ्र गति देने के लिए हिमुडा को एक सलाहकार नियुक्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह सैटेलाइट टाउन शिमला में बढ़ती भीड़भाड़ को कम करने और शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके तहत टाटा इंजीनियरिंग सर्विसेज कंपनी द्वारा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और आवासीय सुविधाओं के साथ विश्व स्तरीय सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने शिमला के विकासनगर क्षेत्र में प्रस्तावित वाणिज्यिक परिसर के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए 20 करोड़ रुपये जारी करने का आश्वासन भी दिया। यह परिसर शहर के सबसे आधुनिक भवनों में से एक होगा, जिसमें सरकारी कार्यालय, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने आगामी आवासीय परियोजनाओं की भी समीक्षा की और इन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्यवासियों को न केवल बेहतर आवास मिलेगा, बल्कि शहरी विकास में भी तेजी आएगी।
बैठक में नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्व के.के. पंत, प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार, हिमुडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेन्द्र वशिष्ठ, निदेशक नगर एवं ग्राम नियोजन हेमिस नेगी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।






