नई दिल्ली: दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर दिल्ली सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। पर्यावरण मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा ने आनंद विहार बस स्टॉप हॉटस्पॉट का निरीक्षण कर प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार 13 प्रमुख प्रदूषण हॉटस्पॉट्स पर विशेष निगरानी रख रही है और इन स्थानों की प्रतिदिन ग्राउंड रिपोर्ट ली जा रही है।
सिरसा ने बताया कि आनंद विहार क्षेत्र में प्रदूषण के मुख्य कारणों में अत्यधिक ट्रैफिक, ट्रैफिक प्रबंधन की कमी, और टूटी सड़कों से उड़ने वाली धूल शामिल हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई में दिल्ली सरकार प्रदूषण से निपटने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है और जल्द ही इन समस्याओं के समाधान का असर दिखेगा। उन्होंने इस अभियान को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया और नागरिकों से सहयोग की अपील की।






