चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डेनमार्क की डेनिस फार्मर एब्रोड एसोसिएशन के 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से उनके आवास संत कबीर कुटीर पर मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में 20 विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल थे। बैठक में कृषि, पशुपालन, डेयरी विकास और अन्य क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार के डेनमार्क के साथ चल रहे विभिन्न परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में तकनीकी उन्नति और उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि हरियाणा के किसान अफ्रीकी देशों की तकनीकों का अध्ययन करने के बाद अब डेनमार्क और अन्य देशों के निवेशकों के साथ मिलकर इन क्षेत्रों में विकास कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार निवेशकों को अनुकूल वातावरण और पारदर्शी नीतियों के माध्यम से राज्य में निवेश के लिए प्रेरित कर रही है। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा में कृषि और पशुपालन गतिविधियों का अध्ययन किया और निवेश के लिए उत्साह जताया।






